संजू की 89 रनों की तूफानी पारी, बुमराह के 4 विकेट से भारत ने फाइनल में दर्ज की बड़ी जीत
जयपुर। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ ही भारत लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली और कुल तीसरी बार यह खिताब अपने नाम करने वाली पहली टीम बन गई है। इसके अलावा भारत बतौर मेजबान टीम टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भी पहली टीम बन गया है।
फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
भारत की ओर से संजू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। इसके अलावा अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत किया।
मैच के अंतिम ओवरों में दुबे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे, जिससे भारतीय टीम 255 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
न्यूजीलैंड की ओर से जेमी निशम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 46 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं कप्तान मिशेल सेंटनर ने 4 ओवर में 33 रन देकर किफायती गेंदबाजी की।
256 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 159 रनों पर ऑलआउट हो गई और इस तरह न्यूजीलैंड का पहला टी20 वर्ल्ड कप जीतने का सपना अधूरा रह गया।
न्यूजीलैंड की ओर से टिम सिफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान मिशेल सेंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए। हालांकि बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके।
भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने शानदार प्रदर्शन किया। बुमराह ने 4 ओवर में मात्र 15 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इन दोनों गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


