More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशएमपी में बढ़ने लगी गर्मी: रतलाम सबसे गर्म, तापमान 39 डिग्री के...

    एमपी में बढ़ने लगी गर्मी: रतलाम सबसे गर्म, तापमान 39 डिग्री के पार

    भोपाल: मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. कई जिलों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पारा सामान्य से ऊपर चल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है. फिलहाल अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन मार्च के आखिर तक कुछ क्षेत्रों में लू की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है.

    39 डिग्री तक पहुंचा तापमान, कई जिलों में बढ़ी तपिश
    मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मार्च के पहले ही सप्ताह में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. बीते शनिवार को रतलाम में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. हालांकि भोपाल में भी पिछले वर्षों में मार्च के दौरान इतना तापमान रिकार्ड हो चुका है. लेकिन इस बार पिछले साल की तुलना में तापमान थोड़ा ज्यादा चल रहा है और लगभग पूरे प्रदेश में पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है.

    दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में ज्यादा असर
    मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई सुरेंद्रन ने बताया कि, ''मध्य प्रदेश में गर्मी की शुरुआत आमतौर पर विदर्भ से सटे दक्षिणी इलाकों से होती है. इसके बाद तापमान धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ते हुए ग्वालियर-चंबल क्षेत्र तक पहुंचता है. फिलहाल दक्षिणी जिलों और राजस्थान से सटे उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में तापमान ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. अप्रैल और मई में यह गर्मी प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तेजी से फैल सकती है.''

    अप्रैल-मई में और चढ़ेगा पारा
    मौसम विभाग की सीजनल फोरकास्ट के अनुसार मार्च, अप्रैल और मई तीनों महीनों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है. मार्च में अत्यधिक गर्मी के हालात कम रहने की संभावना जताई गई थी, लेकिन अप्रैल और मई में तापमान और बढ़ सकता है. खासकर मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.

    अगले पांच दिन मौसम रहेगा शुष्क
    मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि इसके बाद दक्षिण-पूर्वी जिलों जैसे बालाघाट और सिवनी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. बारिश की स्थिति बनने पर तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है. जिससे प्रदेश के तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है

    महीने के आखिर में लू की संभावना
    फिलहाल पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर लू चलने की संभावना कम बताई जा रही है. हालांकि कुछ इलाकों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. यदि इसमें एक-दो डिग्री की और बढ़ोतरी होती है तो महीने के आखिरी दिनों में इक्का-दुक्का जगहों पर लू की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

    वर्तमान में ये है मौसम की स्थिति
    दिव्या ई सुरेंद्रन ने बताया कि, ''बिहार से मराठवाड़ा तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के ऊपर से गुजर रही है. यह जमीन से करीब 1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है. वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हवाओं के साथ सक्रिय है. यह जमीन से करीब 5.8 किमी की ऊंचाई पर मौजूद है और उत्तर भारत की ओर प्रभाव डाल रहा है. जबकि जम्मू-कश्मीर के ऊपर ऊपरी हवा में तेज जेट स्ट्रीम चल रही है. जिसके कारण करीब 12.6 किमी की ऊंचाई पर 158 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं बह रही हैं.''

     

      latest articles

      explore more

      LEAVE A REPLY

      Please enter your comment!
      Please enter your name here