बजट घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति पर कलेक्टर की समीक्षा बैठक
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणाओं 2026-27 के समयबद्ध क्रियान्वयन एवं फ्लैगशिप योजनाओं में प्रगति की समीक्षा बैठक लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने वर्ष 2026-27 के लिए जिले में की गई बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन और फ्लैगशिप योजनाओं की विभागवार विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इन घोषणाओं की समयबद्ध क्रियान्विति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि फ्लैगशिप योजनाओं में सैचुरेशन स्तर प्राप्त करने के लिए अंतर-विभागीय समन्वय स्थापित कर इन्हें धरातल पर उतारा जाए, ताकि आमजन को इनका लाभ जल्द मिल सके।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि अलवर शहर के अंबेडकर नगर, कठूमर के खोह, आरआर कॉलेज के समीप तथा रामगढ़ के नंगली मेघा में 33/11 केवी जीएसएस के लिए भूमि आवंटन सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करें। उद्यान विभाग को प्याज एवं सब्जियों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जलदाय विभाग को राजगढ़ शहर में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से नए नलकूपों के कार्य की प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने डेयरी के एमडी को 200 करोड़ रुपये की लागत से प्रतिदिन 3 लाख लीटर क्षमता वाले दूध प्लांट की स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं पीडब्ल्यूडी को कुशालगढ़ तिराहे से थैंक्यू बोर्ड वाया भर्तृहरि सड़क तथा नौगांवा से नसवारी चौकी तक सड़क निर्माण सहित अन्य सड़क घोषणाओं के कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
फ्लैगशिप योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर
जिला कलक्टर ने विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने तारबंदी योजना में राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर कृषि विभाग की सराहना करते हुए संयुक्त निदेशक को इस योजना सहित फार्मपौंड जैसी योजनाओं में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
महिला अधिकारिता विभाग को चिकित्सा विभाग के साथ समन्वय कर लाडो प्रोत्साहन योजना में निरंतर मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रगति बढ़ाने तथा जिले की रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए गए।
चिकित्सा विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य एवं अवसंरचना मिशन के तहत बीपीएचयू एवं सब-सेंटर की प्रगति बढ़ाने और शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पंच गौरव, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, एनएफएसए के तहत आवेदनों के निस्तारण, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, लखपति दीदी, नमो ड्रोन दीदी, कृषि सखी, जल जीवन मिशन और अमृत योजना जैसी फ्लैगशिप योजनाओं की भी समीक्षा कर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय योगेश डागुर, यूआईटी सचिव स्नेहल नाना धीगदे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता रमेश चंद सैनी, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता भूरी सिंह, जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता आर.डी. बंसल, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी. मीणा, सीडीईओ महेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


