More
    Homeराजस्थानअलवरकरणी माता मेले की तैयारियां तेज

    करणी माता मेले की तैयारियां तेज

    19 से 27 मार्च तक लगने वाले मेले को लेकर प्रशासन ने दिए व्यवस्थाओं के निर्देश

    अलवर। अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम एवं शहर श्रीमती बीना महावर की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आगामी 19 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित होने वाले बाला किला स्थित करणी माता मंदिर के मेले की व्यवस्थाओं की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मेले के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्व समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

    बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं के प्रवेश का समय प्रातः 6 बजे से सांय 7 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि मेला स्थल पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कचरे का समय-समय पर उठाव किया जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार पेयजल की व्यवस्था तथा निर्धारित स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट लगाए जाएं।

    उन्होंने भंडारे की अनुमति देने के दौरान आयोजनकर्ताओं को पर्याप्त संख्या में कचरा पात्र रखने के लिए पाबंद करने के निर्देश दिए। साथ ही कचरे का निस्तारण विधिवत तरीके से किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कचरा वन क्षेत्र में न फेंका जाए। भंडारों में प्रसाद वितरण के लिए प्लास्टिक डिस्पोजेबल उत्पादों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा तथा पत्तों से बने पत्तल, दूने और मिट्टी के कुल्हड़ों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

    अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि मेला क्षेत्र में डी.जे. और लाउडस्पीकर के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही प्रसाद की दुकानों का स्थान इस प्रकार निर्धारित किया जाएगा कि श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मेला स्थल एवं बाला किला क्षेत्र में पॉलिथिन की थैलियां और प्लास्टिक डिस्पोजेबल उत्पाद ले जाने व उपयोग करने पर प्रतिबंध रहेगा।

    उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा दलों का गठन किया जाए तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाए।

    सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वन नाके से मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जहां आवश्यक हो वहां स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाए जाएं। जिला परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि मेले में वृद्ध, असहाय और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए एक अलवर वाहिनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

    नगर विकास न्यास के अधिकारियों को मेला स्थल पर पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मंदिर तक जाने वाले रास्ते में श्रद्धालुओं के अल्पकालीन विश्राम के लिए छाया और पानी की व्यवस्था भी की जाएगी।

    अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिस की तैनाती की जाएगी। चार पहिया वाहनों को वन विभाग के नाके से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी, जबकि मेला व्यवस्था में लगे वाहनों को आवश्यकतानुसार अनुमति दी जाएगी।

    उन्होंने बताया कि मेला स्थल पर नियंत्रण कक्ष स्थापित कर वायरलेस सेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन भी तैनात रहेगा।

    बैठक में नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, उपखंड अधिकारीश्री माधव भारद्वाज, पुलिस उपाधीक्षक ग्रामीण शिवानी, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, पीडब्ल्यूडी की अधिशासी अभियंता श्रीमती अल्का व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, करणी माता मंदिर ट्रस्ट एवं मेला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here