कार्रवाई में 4 बसें जब्त, करोड़ों का कर बकाया उजागर
अलवर। प्रादेशिक परिवहन अधिकारी रविन्द्र जोशी ने बताया कि जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती सविता भारद्वाज के नेतृत्व में बुधवार को जिले के जटियाना क्षेत्र में बिना कर एवं अवैध रूप से संचालित बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 बसों को जब्त किया गया। जांच के दौरान जब्त बसों के वाहन स्वामियों के नाम से पंजीकृत अन्य वाहनों का कर भी बकाया पाया गया।
उन्होंने बताया कि 10 मार्च को बहरोड़ क्षेत्र के काठूवास स्थित इनलैण्ड कन्टेनर डिपो में विभागीय टीम द्वारा वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान 9 कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट (क्रेन) पर कार्रवाई की गई, जिनमें कुछ उपकरण विदेशी श्रेणी के पाए गए।
जांच के दौरान इन सभी वाहनों पर लगभग 1 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशमन राशि एवं राजस्थान राज्य का कर बकाया पाया गया। विभाग ने समस्त वाहन मालिकों एवं कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वाहन अथवा परिसर में संचालित कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट का कर शीघ्र जमा कराएं, ताकि चालान व जुर्माने से बचा जा सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि कर जमा नहीं कराने पर ऐसे वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए राजस्थान राज्य कर के अतिरिक्त 15 गुना पेनल्टी के साथ जुर्माना वसूल किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त काठूवास क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक बस को भी जब्त किया गया, जिसका ऑल इंडिया परमिट समाप्त पाया गया। ऐसे सभी 9 वाहनों की कार्यालय में जांच की जा रही है तथा प्रशमन राशि एवं कर जमा होने के बाद ही उन्हें रिलीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बिना टैक्स एवं अवैध रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ आगामी दिनों में भी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

