प्लॉट विवाद में हवाई फायरिंग के आरोप से दहशत
अलवर। शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र अंतर्गत तिजारा पुलिया के समीप वर्ष 1990 से चल रहे एक पुराने प्लॉट विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि भूमाफियाओं के एक समूह ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले में तिजारा के पूर्व पार्षद योगेश सैनी सहित भोती देवी और गुड्डी देवी घायल हुई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ-साथ मौके पर हवाई फायरिंग भी की, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। हमले में शामिल लोगों के रूप में सोनू चौधरी, मुकेश उर्फ मुक्की गुर्जर, सत्येंद्र सेन, सिंटू, गौरव शर्मा, देवेंद्र, नवीन यादव सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि यह विवाद वर्ष 1990 से एक प्लॉट को लेकर दोनों पक्षों के बीच चला आ रहा था, जो कहासुनी के बाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।
घटना के बाद घायलों के परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


