More
    Homeराज्यबिहारएक्टर्स की स्टाइल में नेताओं की तस्वीरें बनाई, वायरल होते ही युवक...

    एक्टर्स की स्टाइल में नेताओं की तस्वीरें बनाई, वायरल होते ही युवक पहुंचा सलाखों के पीछे

    गयाजी। वह पढ़ाई में ज्यादा रुचि नहीं रखता था और अक्सर मोबाइल पर रील बनाने और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने में लगा रहता था। लोगों से कहा करता था कि वह बहुत जल्द सोशल मीडिया पर फेमस हो जाएगा।  वह एक्टर्स की तस्वीर पर ज्यादा रीच देखकर वैसा ही कुछ करना चाहता था। चुन लिया सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और विधायक मैथिली ठाकुर को। फेमस होने की उसकी चाहत में इन दो नेताओं की तस्वीर चुनना उसके लिए मुसीबत का सबब बन गया। उसे जेल जाना पड़ा। यह हकीकत है गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र निवासी विकास कुमार यादव की। एआई तकनीक का इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार और विधायक मैथिली ठाकुर की उसने आपत्तिजनक तस्वीर-रील बनाई और उसे वायरल कर दिया। पुलिस ने शब्दो गांव निवासी विकास कुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी युवक फतेहपुर में रहकर पढ़ाई करता था, लेकिन सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह ने उसे कानून के शिकंजे में पहुंचा दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि वह अक्सर सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करता था और चाहता था कि उसके वीडियो ज्यादा से ज्यादा वायरल हों। रील पर ज्यादा लाइक्स और कमेंट्स नहीं आते थे। इसी कारण उसने कुछ अलग और सनसनीखेज करने की योजना बनाई। 

    निशांत की इंटरनेट पर धूम, इसलिए किया टारगेट

    आरोपी ने पुलिस को बताया कि जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार हाल के दिनों में राजनीति में सक्रिय हुए तो इंटरनेट पर खूब सर्च किए जा रहे थे। इसके अलावा मैथिली ठाकुर तो ट्रेंड में आती ही रहती हैं। सो, उसके मन में विचार आया कि क्यों न निशांत कुमार और विधायक मैथिली ठाकुर की तस्वीरों का इस्तेमाल कर एआई तकनीक से आपत्तिजनक फोटो बना दिया जाए। उसने दोनों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर एक आपत्तिजनक रील तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। रील पोस्ट होने के कुछ ही समय बाद उस पर लाइक्स, कमेंट्स और शेयर तेजी से बढ़ने लगे। इससे आरोपी को लगा कि उसकी योजना सफल हो गई है और वह सोशल मीडिया पर फेमस हो जाएगा। हालांकि उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह हरकत उसे सीधे जेल तक पहुंचा देगी।

    फिल्मी कलाकारों को देखकर बनाई यह योजना

    आरोपी युवक ने पुलिस को बताया कि वह सोशल मीडिया पर कई बार फिल्मी कलाकारों के साथ भी इस तरह की एडिट की हुई तस्वीरें और वीडियो वायरल होते देखता था। उसे लगा कि ऐसा करने से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होती है। इसी गलतफहमी में उसने यह कदम उठा लिया। 13 मार्च 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर यह आपत्तिजनक तस्वीर और रील वायरल हुई थी। इसमें निशांत कुमार और विधायक मैथिली ठाकुर की छवि को खराब करने का प्रयास किया गया था। मामला सामने आने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। तकनीकी सेल की मदद से सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल फुटप्रिंट की जांच की गई। जांच के दौरान पता चला कि यह आपत्तिजनक फोटो और रील एक एक्स अकाउंट के माध्यम से वायरल की गई थी, जो विकास कुमार यादव से जुड़ी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। फतेहपुर थाना में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर एआई तकनीक का दुरुपयोग कर किसी की छवि खराब करने की कोशिश करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घटना में किसी और की भी भूमिका तो नहीं है।
     

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here