सब इंस्पेक्टर ने वेतन समस्या और बीमारी के बीच मानसिक तनाव का आरोप लगाया, एसपी से कार्रवाई की मांग
अलवर। पुलिस लाइन में तैनात सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार मीणा ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी पीड़ा जाहिर की है। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे हैं और जयपुर के सिद्धिविनायक अस्पताल में भर्ती होकर उपचार ले रहे हैं।
सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार मीणा के अनुसार उनका करीब दो वर्षों से इलाज चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद उनकी वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जुलाई में लगने वाली वार्षिक वेतन वृद्धि अब तक नहीं जोड़ी गई है तथा उनकी सैलरी भी नियमित रूप से नहीं बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति के कारण वह लगातार मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। वीडियो संदेश में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यालय में कार्यरत बाबू द्वारा सही तरीके से कार्य नहीं किए जाने से उन्हें अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मनोज कुमार मीणा ने जिला पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का निवेदन किया है, ताकि उनकी वेतन संबंधी समस्या का समाधान हो सके। उन्होंने बताया कि लगातार मानसिक दबाव के कारण उनकी स्वास्थ्य स्थिति भी प्रभावित हो रही है।
पीड़ित सब इंस्पेक्टर ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जिससे उन्हें राहत मिल सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


