ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के एक गांव में रक्षाबंधन के दिन छह वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर उसकी निर्मम हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी मासूम को बहला-फुसलाकर उसके घर से ले गया था और हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर ठिकाने लगा दिया। आरोपी द्वारा बच्ची के शव को बोरी में ले जाने का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
लापता बच्ची के लिए गठित की गईं पांच पुलिस टीमें
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने थाना ईकोटेक-3 में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी छह साल की बच्ची अचानक घर से गायब हो गई है।
त्वरित कार्रवाई: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और बच्ची की तलाश के लिए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया।
सीसीटीवी खंगाले: पुलिस टीमों ने स्थानीय खुफिया जानकारी और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से जांच आगे बढ़ाई।
संदिग्ध हिरासत में, शव बरामद
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और अन्य स्रोतों से महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मासूम बच्ची का शव बरामद कर लिया है और मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


