प्रताप ऑडिटोरियम में राजस्थान युवा शक्ति दिवस पर कौशल प्रशिक्षण और योजनाओं की जानकारी
अलवर। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में राजस्थान युवा शक्ति दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम मंगलवार को अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इस दौरान जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल प्रसारण किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजकीय विधि महाविद्यालय अलवर में 1.68 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले छह नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही राज्य सरकार की संस्थाओं आरएसएलडीसी, आरकेसीएल एवं आरसीएटी से एआई कोर्स, वेब डिजाइनिंग सहित विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षित 9,432 युवाओं को कौशल उन्नयन प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इसी प्रकार 403 स्टार्टअप्स को वायबिलिटी गैप के तहत 1,145 लाख रुपये का फंड प्रदान किया गया तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के प्रथम लाभार्थी को चेक सौंपा गया। कार्यक्रम में ‘युवाओं का उत्थान’ लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में युवाओं को मिले प्रमाण पत्र
जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिथियों ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र प्रदान किए। आरएसएलडीसी के प्रबंधक ने बताया कि योजना के माध्यम से युवाओं की स्किल में निरंतर सुधार के लिए प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इस अवसर पर सतवंत सिंह, सोनू कंवर, खूशबू और निकिता को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव
लाभार्थी सतवंत सिंह एवं सोनू कंवर ने बताया कि कौशल प्रशिक्षण से पहले बेहतर रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे थे, लेकिन अब होम हेल्थ एड प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने सरकार द्वारा युवाओं के स्किल विकास के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम बीना महावर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रविंद्र, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, उपखंड अधिकारी माधव भारद्वाज, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. दिनेश सूद, आरएसएलडीसी के प्रबंधक अभिनव दीक्षित सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नवनियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


