आचार्य ने मंगल प्रवेश अवसर पर महावीर सिद्धांतों को जीवन में उतारने का दिया संदेश
अलवर। दिगम्बर जैनाचार्य आदित्य सागर महाराज ससंघ का गुरुवार को स्थानीय स्कीम नं. 10 स्थित जैन भवन में मंगल प्रवेश हुआ। आचार्य श्री ससंघ का बैण्ड-बाजों के साथ भव्य स्वागत करते हुए जैन भवन तक लाया गया, जहां जैन समाज के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने अगवानी कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंगल प्रवेश के पश्चात जैन संतों ने जैन मंदिर में दर्शन किए। इस अवसर पर आचार्य आदित्य सागर महाराज ने अपने प्रवचनों में कहा कि यदि हमें अपने जीवन को सुधारकर मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर होना है, तो भगवान महावीर के सिद्धांतों का पालन करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांतों को केवल अपने जीवन में अपनाना ही नहीं, बल्कि उनका प्रचार-प्रसार भी करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग उनके संदेश को समझकर अपने जीवन को संयमित बना सकें।
आचार्य श्री ने कहा कि आज के समय में हम भौतिक सुखों को ही वास्तविक सुख मान लेते हैं, जबकि ये केवल मोह-माया के जाल में फंसाने वाले हैं। सच्चा सुख आत्मिक शांति और मोक्ष मार्ग में ही निहित है, जिसके लिए भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलना आवश्यक है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


