यूथ हॉस्टल के जरिए खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा, 46 बेड का आधुनिक परिसर शुरू
अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शुक्रवार को अम्बेडकर नगर में युवा एवं खेल विभाग द्वारा लगभग 2.80 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 46 बेड के पूर्णतः वातानुकूलित आधुनिक यूथ हॉस्टल का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं एवं खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि यह आधुनिक यूथ हॉस्टल खिलाड़ियों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार खेलो इंडिया जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ खेल अधोसंरचना में लगातार वृद्धि कर रही है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को खेल कोटे के माध्यम से सरकारी सेवाओं में अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं।
मंत्री ने बताया कि अलवर जिले में सांसद एवं केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उनके प्रयासों से अलवर के नवीन स्कूल में करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से हॉकी एस्ट्रोटर्फ का निर्माण हो रहा है, जबकि इंदिरा गांधी स्टेडियम में एथलेटिक्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक तैयार किया जा रहा है। साथ ही खैरथल में बेटियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी अकादमी भी विकसित की जाएगी।
इस अवसर पर मंत्री ने खिलाड़ियों को सरिस्का टाइगर रिजर्व और रणथंभौर में निःशुल्क भ्रमण कराने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान पंच गौरव योजना के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ट्रैक सूट भेंट कर सम्मानित किया गया तथा यूथ हॉस्टल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, जिला खेल अधिकारी श्रीमती अंजना शर्मा, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रेणू मिश्रा ने किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


