स्वच्छता बनाए रखने के लिए सख्ती, कचरा मिलने पर होगी कार्रवाई
अलवर। शहर में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने भूखंड मालिकों को सख्त चेतावनी जारी की है। निगम ने स्पष्ट किया है कि खाली पड़े भूखंडों में कचरा, मलबा या गंदगी इकट्ठा नहीं होने दी जाए, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने बताया कि शहर में कई भूखंड ऐसे हैं, जहां मालिकों द्वारा लंबे समय से निर्माण कार्य नहीं कराया गया है। इसके चलते इन खाली भूखंडों में कचरा, मलबा और झाड़ियां जमा हो रही हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में अस्वच्छता फैल रही है और आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने सभी भूखंड मालिकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने भूखंडों पर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाएं या कम से कम नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करें, ताकि कचरा डालने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके और शहर स्वच्छ बना रहे।
निगम आयुक्त ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भूखंड में कचरा या गंदगी पाई जाती है और उसकी सफाई नहीं करवाई जाती है, तो संबंधित मालिक के खिलाफ राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, शहर में अवैध रूप से बैनर और पोस्टर लगाकर संपत्ति विरूपण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि इससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें और शहर को साफ-सुथरा रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

