More
    Homeराजस्थानअलवरकठूमर थाने में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार की रिश्वत लेते...

    कठूमर थाने में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार की रिश्वत लेते दलाल व कांस्टेबल गिरफ्तार

    थाने में प्रेम विवाह मामले में 40 हजार की मांग, रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी

    कठूमर। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की दौसा टीम ने बुधवार शाम कठूमर थाने पर छापा मारकर एक दलाल और एक कांस्टेबल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान थाने में हड़कंप मच गया और थाना परिसर लगभग खाली हो गया। बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी मौके से अनुपस्थित मिले।

    एसीबी दौसा के डीएसपी रविंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि परिवादी, जो फूटाकी (थाना सीकरी) का निवासी है, ने बुधवार सुबह भरतपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके बेटे को एक मामले में बचाने के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।

    शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की दौसा एवं भरतपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार शाम करीब 6 बजे टीम चार वाहनों में सवार होकर कठूमर पहुंची और थाने के आसपास जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार परिवादी ने थाने के मुख्य गेट के बाहर खड़े दलाल को 20 हजार रुपये दिए। इस दौरान कांस्टेबल रामेश्वर दयाल गुर्जर भी मौके पर मौजूद था। जैसे ही रिश्वत की राशि दी गई, एसीबी टीम ने तुरंत दबिश देकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

    प्रेम विवाह से जुड़ा है मामला

    परिवादी ने बताया कि उसका बेटा ईश्वर सिंह (21) निवासी फूटाकी (थाना सीकरी) ने 16 मार्च को हरियाणा के झज्जर में दूसरी जाति की युवती के साथ प्रेम विवाह किया था। इसके बाद युवती के परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया। नवविवाहित जोड़ा सुरक्षा के लिए अलवर एसपी कार्यालय पहुंचा, जहां से कठूमर पुलिस उन्हें थाने ले आई और युवक को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया।

    आरोप है कि युवक को छोड़ने के एवज में अलग-अलग माध्यमों से 40 हजार रुपये की मांग की गई। इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई नरेंद्र मीणा बताए जा रहे हैं।

    फिलहाल एसीबी टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here