रात में संदिग्ध गतिविधि के बाद तलाशी में 4 मोबाइल व गांजा बरामद, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अलवर। केंद्रीय कारागृह में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। 25 मार्च 2026 की देर रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच जेल के हल्का नंबर-1 स्थित वार्ड नंबर-1 में संदिग्ध गतिविधि के बाद तलाशी लेने पर निषिद्ध सामग्री बरामद हुई, जिससे जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों को किसी वस्तु के गिरने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद मुख्यप्रहरी हरसहाय मीणा सहित अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान शौचालय के पास एक संदिग्ध पैकेट मिला।
पैकेट खोलने पर उसमें से चार कीपैड मोबाइल फोन और करीब 2 ग्राम गांजा जैसी नशीली सामग्री बरामद हुई। बरामद मोबाइलों में KECHAODA कंपनी के अलग-अलग मॉडल शामिल हैं, जो बिना सिम के पाए गए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह निषिद्ध सामग्री जेल के अंदर कैसे पहुंची। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि सामग्री लावारिस हालत में मिली, लेकिन इसके पीछे किसी अंदरूनी या बाहरी मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
जेल प्रशासन ने बरामद सामग्री को जब्त कर सीलबंद किया और मामले की रिपोर्ट शहर कोतवाली थाने में दर्ज करवाई है। पुलिस ने कारागार अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


