राजगढ़ क्षेत्र के माचाड़ी में हादसा, गिरने से घायल मजदूर ने अस्पताल में तोड़ा दम
राजगढ़। थाना क्षेत्र के माचाड़ी गांव में छत से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक पुष्कर पुत्र कन्हैयालाल जाटव, निवासी मल्हा गांव (नदबई क्षेत्र), मजदूरी का कार्य करता था और शराब का सेवन करता था। बताया जा रहा है कि वह रात के समय छत से गिर गया, लेकिन उसे इसका आभास नहीं हो सका।
सुबह करीब 7 बजे जब वह उठा तो घर के पीछे गिरा हुआ मिला और उस समय वह होश में था। उसके साथी छोटू जाटव ने बताया कि दोनों मजदूरी का काम करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही ठेकेदार सहित अन्य लोगों ने घायल अवस्था में उसे राजगढ़ चिकित्सालय पहुंचाया।
चिकित्सालय में उपचार के दौरान पुष्कर ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर राजगढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


