More
    Homeराजस्थानअलवरनगर विकास न्यास की बैठक में 221 करोड़ के विकास कार्यों को...

    नगर विकास न्यास की बैठक में 221 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

    बैठक में 310 करोड़ के बजट प्रावधान स्वीकृत, शहर में ड्रेनेज प्लान, पार्किंग व एएनपीआर कैमरों पर जोर

    अलवर। जिला कलक्टर एवं नगर विकास न्यास (यूआईटी) की अध्यक्ष डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में नगर विकास न्यास की 315वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 310 करोड़ रुपये के व्यय प्रावधानों का अनुमोदन किया गया, वहीं शहर के विकास के लिए करीब 221 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति दी गई।

    बैठक में शहर के बहुआयामी विकास, सड़क तंत्र को मजबूत करने, खेल सुविधाओं के विस्तार और सीवरेज व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता दी गई। अपराध नियंत्रण और यातायात मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने के लिए 92.80 लाख रुपये की लागत से शहर के 10 स्थानों पर 20 ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाने की मंजूरी दी गई।

    बरसाती जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए 2.71 करोड़ रुपये की लागत से मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार किया जाएगा। इसके अलावा तिजारा रोड और दिल्ली रोड पर नाला निर्माण, विज्ञान नगर व शालीमार नगर में सीवरेज लाइन और एसटीपी निर्माण जैसे कार्य भी स्वीकृत किए गए।

    पर्यटन और सौंदर्यकरण को बढ़ावा देने के लिए लालडिग्गी और बाला किला क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए भी बजट का प्रावधान किया गया है। साथ ही शहर के चौराहों का थीम बेस रिनोवेशन कराने और विभिन्न क्षेत्रों में पार्कों के विकास, पौधारोपण व सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई।

    मल्टीलेवल पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए यूआईटी, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों की संयुक्त कमेटी बनाई गई है, जिसे 7 दिन में स्थान चिन्हित कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पार्किंग को 6 माह में शुरू करने की टाइमलाइन तय की गई है।

    इसके अलावा एआई मैपिंग के जरिए यातायात सुधार, चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर ग्रीन एरिया विकसित करने, और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए भूमि आवंटन के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

    यूआईटी सचिव स्नेहल धायगुडे नाना ने बताया कि बैठक में बस स्टैंड निर्माण, विद्युत सब-स्टेशन, जल जीवन मिशन के तहत जलाशय निर्माण और विभिन्न सरकारी विभागों के भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। सभी परियोजनाओं को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

    बैठक में यूआईटी की सचिव श्रीमती स्नेहल धायगुडे नाना, उप सचिव जितेन्द्र सिंह नरूका, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियन्ता रमेश चंद सैनी, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियन्ता भूरी सिंह, डीटीपी श्रीमती संध्या सैनी, यूआईटी के अधिशासी अभियन्ता अशोक मदान एवं श्री कुमार संभव अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here