सड़क पर 20 एमएम की जगह कम सामग्री लगाने का दावा, पीडब्ल्यूडी ने जांच के लिए जेईएन भेजा
अलवर। देसूला गांव में दिल्ली रोड तक बन रही करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क में कथित घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए काम रुकवा दिया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य में हो रही अनियमितताओं को उजागर किया और प्रशासन को अवगत कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तय मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि जहां 20 एमएम की रोड़ियां डाली जानी चाहिए, वहां 5 एमएम तक का मटेरियल भी सही तरीके से नहीं डाला जा रहा है। कई जगह बिना तारकोल डाले ही रोड़ियां बिछा दी गई हैं, जिससे सड़क के जल्द ही खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
गांव के जीतू और विनय कुमार ने बताया कि यह सड़क पीडब्ल्यूडी (PWD) के माध्यम से करीब 19 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही है। लंबे समय से मांग के बाद करीब ढाई साल में यह कार्य शुरू हुआ था, लेकिन निर्माण में लापरवाही सामने आ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की चौड़ाई 12 फीट 4 इंच निर्धारित है और बीच में दो स्थानों पर सीसी रोड भी बननी है। मुख्य प्रवेश स्थान पर जलभराव की समस्या रहती है, जहां सीसी रोड प्रस्तावित थी, लेकिन वहां भी मानकों के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा।
उन्होंने बताया कि गड्ढों को भरकर 20 एमएम सड़क बनाई जानी थी, लेकिन मौके पर बहुत कम सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। यह कार्य राजेश यश कांट्रेक्टर के माध्यम से कराया जा रहा है, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया है।
ग्रामीणों के विरोध के बाद फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को शिकायत दी गई है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता अल्का शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के लिए जेईएन को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार का घटिया निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


