खिलौरा गांव में दर्दनाक हादसा, कोहनी तक कटा हाथ; जयपुर रेफर
अलवर। जिले के खिलौरा गांव में खेत पर गेहूं की कुटाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। मशीन में हाथ फंसने से उसका दायां हाथ कोहनी तक कट गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे मुकेश (55) अपने खेत में गेहूं निकलवा रहा था। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे और सभी मिलकर गेहूं की कुटाई का काम कर रहे थे। मुकेश खुद मशीन पर खड़े होकर गेहूं की पूलियां मशीन में डाल रहा था।
इसी दौरान अचानक गेहूं की पूली के साथ उसका हाथ मशीन में चला गया। मुकेश के चिल्लाने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत मशीन बंद करवाई, लेकिन तब तक उसका हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और कोहनी तक कट गया।
घायल अवस्था में परिजन उसे तुरंत रामगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से भी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया।
हादसे में मुकेश के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


