गणेश मार्केट में दुकान कब्जे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई लोग घायल
अलवर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गणेश मार्केट में दुकान पर कब्जे को लेकर पड़ोसियों के बीच चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में नथन लाल, सोहन पाल, नंदकिशोर और दिनेश सहित कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
पीड़िता बाला देवी ने बताया कि आरोपी रमेश, लेखराज, गुल्लू, गुलिवर और मिलन सहित अन्य लोग उनकी दुकान पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी नीयत से उन्होंने परिवार पर हमला किया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि करीब एक साल पहले भी इसी मामले को लेकर विवाद हुआ था और उन्होंने थाने में शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद अब पीड़ित परिवार फिर से कोतवाली थाने में शिकायत देने की तैयारी कर रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


