लोक कल्याणकारी शिविर में जागरूकता का विस्तार, 74,976 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ
कठूमर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के तत्वावधान में कस्बा कठूमर स्थित गैलेक्सी एकेडमी में वृहद “मेगा विधिक चेतना एवं लोक कल्याणकारी शिविर” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत भंडारी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं नालसा थीम सॉन्ग के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण ज्ञान, सेवा और न्याय के मूल्यों से ओत-प्रोत हो गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अनंत भंडारी ने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज के अंतिम पायदान तक न्याय, विधिक अधिकारों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की एक सशक्त पहल हैं। उन्होंने ‘सिंगल विंडो’ प्रणाली को सुशासन की मजबूत आधारशिला बताते हुए ‘आदर्श विधिक सेवा केंद्र’ के माध्यम से न्याय को आमजन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के सचिव मोहनलाल सोनी ने कठूमर को ‘आदर्श तालुका’ के रूप में चयनित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना और विभिन्न विभागों की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध जादूगर एवं रोडवेज विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी आर.के. सोनी ने अपनी रोचक प्रस्तुतियों से अतिथियों का स्वागत किया और आमजन को सरकारी योजनाओं एवं रोडवेज सुविधाओं की जानकारी प्रभावशाली तरीके से दी।
साथ ही, गैलेक्सी एकेडमी के विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय स्तर के भवाई नृत्य कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में आकर्षण और गरिमा का समावेश किया।
शिविर में विभिन्न विभागों—राजस्व, पंचायती राज, नगर पालिका, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, ऊर्जा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पशुपालन, लोक निर्माण, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, रसद, परिवहन एवं यातायात—द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से कुल 74,976 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
इस दौरान दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल, बालिकाओं को साइकिल तथा पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही जाति एवं मूल निवास प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में एसडीएम श्याम सुंदर चेतीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रियंका रघुवंशी, तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के अध्यक्ष उदय सिंह आलोरिया, एसीजेएम युधिष्ठिर मीणा, प्रदीप कुमावत, राजीव जिंदल, सीओ राजेश कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


