आग पर सवाल: अलवर के भवानी तोप में दुकान जली, जांच में जुटी पुलिस
अलवर। शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित भवानी तोप इलाके में सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक फ्रूट की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा फल, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय इलाके में धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। अपनी मेहनत की कमाई को जलता देख दुकानदार स्तब्ध रह गया।
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस आगजनी में करीब 4 से 5 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है।
पीड़ित दुकानदार ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि किसी ने जानबूझकर दुकान में आग लगाई है। वहीं, शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट भी माना जा रहा है।
घटना की सूचना पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पीड़ित द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग आग के पीछे की असली वजह सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


