दान पेटी चोरी का मामला: CCTV बंद, सुरक्षा में चूक से 10.5 किलो चांदी पार
कठूमर। जैन धर्मावलंबियो की आस्था के केंद्र मध्य प्रदेश के दतिया के सिद्ध क्षेत्र सोनागिर स्थित भगवान चंद्रप्रभु के मुख्य जैन मंदिर से अज्ञात चोरों ने करीब साढ़े 10 किलो वजनी चांदी की प्रतिमा चोरी कर ली, साथ ही मंदिर की दान पेटी तोड़कर उसमें रखी नगदी भी पार कर दी।
जानकारी के अनुसार, यह मंदिर पहाड़ी की सबसे ऊंची चोटी पर स्थित है और इसके ठीक सामने पुलिस चौकी मौजूद है। इसके बावजूद चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के समय चौकी पर तैनात चार में से तीन गार्ड छुट्टी पर थे, जबकि एकमात्र गार्ड ड्यूटी के दौरान सोता मिला। इस लापरवाही का फायदा उठाकर चोर आसानी से मंदिर परिसर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी उस समय बंद पाए गए। इसके चलते पुलिस को शुरुआती जांच में साक्ष्य जुटाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि इस चोरी में मंदिर या तीर्थ क्षेत्र से जुड़े कुछ लोगों की संलिप्तता हो सकती है। इसी दिशा में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में भी इसी मंदिर की दान पेटी को निशाना बनाया गया था। लगातार हो रही घटनाओं से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
तीर्थ क्षेत्र के मंत्री बालचंद्र जैन ने घटना पर नाराजगी जताते हुए चौकी पर तैनात कर्मियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में विनायक शुक्ला (एसडीओपी) ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

