वैशाली नगर में परिषद कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी ने शपथ ली, मंत्री संजय शर्मा रहे मौजूद
अलवर। भारत विकास परिषद् शाखा का दायित्व शपथ ग्रहण समारोह रविवार को वैशाली नगर स्थित विवेकानंद महिला स्वावलंबी केंद्र में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन (स्वतंत्र प्रभार) एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री संजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का पठन चंचल सक्सेना द्वारा किया गया। सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का कुमकुम तिलक एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के तहत डॉ. अनुरिता झा एवं डॉ. अशोक के निर्देशन में बच्चियों द्वारा रामधुन पर मनमोहक कथक नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। प्रस्तुति देने वाली बच्चियों को डॉ. कुमकुम कपूर द्वारा सम्मानित किया गया।
निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश गोयल ने स्वागत भाषण में सभी का आभार व्यक्त करते हुए नई कार्यकारिणी को सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं निवर्तमान सचिव राधेश्याम ने वर्ष 2025-26 की गतिविधियों का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और कोषाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने आय-व्यय का विवरण सदन के समक्ष रखा।
राजस्थान प्रांतीय महासचिव ओ.पी. रावत ने अध्यक्ष गिरीश गुप्ता, सचिव अशोक कुमार गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष लोकेश गोयल को शपथ दिलाई। इसके बाद प्रांतीय उपाध्यक्ष विजय खुटेटा ने अन्य पदाधिकारियों एवं प्रकल्प प्रमुखों को शपथ दिलवाई। साथ ही नए सदस्यों को भी परिषद् में शामिल कर उन्हें शपथ दिलाई गई।
नवनियुक्त अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने अपने उद्बोधन में आगामी कार्यकाल 2026-27 की योजनाओं की जानकारी देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प व्यक्त किया। प्रांतीय पदाधिकारियों ने पूर्व कार्यकारिणी की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि मंत्री संजय शर्मा ने अपने संबोधन में परिषद् के कार्यों की प्रशंसा करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने परिषद् सदस्यों को रणथंभौर अभयारण्य भ्रमण का निमंत्रण भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में सचिव अशोक कुमार गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के बाद सभी अतिथियों को स्नेहभोज के लिए आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन दीक्षा अग्रवाल एवं नीना गुप्ता द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में परिषद् सदस्यों की उपस्थिति रही।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


