केरलम में बदलाव की लहर का दावा: इंदिरा गारंटी के दम पर यूडीएफ को बढ़त मिलने की उम्मीद
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली केरलम के दो दिवसीय चुनावी दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी चांडी ओमेन के समर्थन में पुदुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया।
सभा के दौरान जूली ने कहा कि राज्य की जनता वर्तमान सरकार से परेशान है और इस बार केरलम में कांग्रेस नीत यूडीएफ के पक्ष में स्पष्ट रूप से बदलाव की लहर दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि “केरलम में इंदिरा गारंटी ही असली बदलाव लाएगी और यूडीएफ की जीत सुनिश्चित करेगी।”
नफरत की राजनीति के खिलाफ अपील
जूली ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे देश में “नफरत की राजनीति” के खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि समाज को जोड़ने के इस अभियान में राहुल गांधी का समर्थन करें और विभाजनकारी राजनीति को नकारें।
इंदिरा गारंटी से सामाजिक सुरक्षा पर जोर
जूली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि “इंदिरा गारंटी” के तहत महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, कॉलेज छात्राओं को ₹1000 मासिक भत्ता, युवाओं को ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण और पेंशन को बढ़ाकर ₹3000 करने जैसे बड़े वादे किए गए हैं।
स्वास्थ्य बीमा योजना का वादा
स्वास्थ्य खर्च को लेकर चिंता जताते हुए जूली ने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में लोग अपनी जेब से इलाज का खर्च उठाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यूडीएफ सरकार बनने पर पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के नाम से व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की जाएगी, जो राजस्थान की चिरंजीवी योजना की तर्ज पर होगी। इसके तहत प्रत्येक परिवार को ₹25 लाख तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
कानून व्यवस्था और अपराध पर सवाल
जूली ने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है और बेरोजगारी के चलते आत्महत्या के मामलों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि नशे के मामलों में भी राज्य में चिंताजनक स्थिति बनी हुई है।
यूडीएफ को मौका देने की अपील
अंत में जूली ने कहा कि जनता एलडीएफ शासन को देख चुकी है और अब समय आ गया है कि राज्य के विकास और बेहतर प्रशासन के लिए यूडीएफ को मौका दिया जाए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


