यातायात प्रबंधन सुधार के लिए निर्देश, प्रोजेक्ट्स में तेजी और सख्ती के आदेश
जयपुर। यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने शहर में रीयल टाइम ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए नया इंटीग्रेटेड कमाण्ड सेंटर स्थापित करने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में जेडीए, परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इंटीग्रेटेड कमाण्ड सेंटर बनेगा मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर में ट्रैफिक प्रबंधन को आधुनिक बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमाण्ड सेंटर स्थापित किया जाएगा, जो रीयल टाइम मॉनिटरिंग और नियंत्रण में मदद करेगा। इसे मॉडल सेंटर के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया गया है।
आरओबी और एलिवेटेड रोड कार्यों में तेजी
उन्होंने जेडीए को सीबीआई फाटक, सालिग्रामपुरा फाटक और सिविल लाइन फाटक पर आरओबी निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। साथ ही गोपालपुरा और सांगानेर एलिवेटेड रोड परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने को कहा। इसके अलावा जेएलएन मार्ग पर प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
डबल यू-टर्न और फ्री लेफ्ट टर्न योजना लागू
मुख्यमंत्री ने महल रोड, सीकर रोड और न्यू सांगानेर रोड पर डबल यू-टर्न व्यवस्था विकसित करने और रामबाग चौराहे की तर्ज पर फ्री लेफ्ट टर्न को शहर के अन्य व्यस्त चौराहों पर लागू करने के निर्देश दिए। इससे ट्रैफिक जाम में कमी आने की उम्मीद है।
अनियमित मीडियन ओपनिंग होंगी बंद
उन्होंने जेडीए और ट्रैफिक पुलिस को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख मार्गों पर अनियमित मीडियन ओपनिंग को जल्द बंद किया जाए और यू-टर्न पॉइंट्स को व्यवस्थित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
पार्किंग और पैदल यात्री व्यवस्था पर फोकस
मुख्यमंत्री ने शहर में पार्किंग स्थलों के सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख चौराहों और बाजारों में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग, जेबरा क्रॉसिंग और सिग्नल व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।
विद्यालय क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा उपाय लागू करने के भी निर्देश दिए गए।
डीपीआर और नई परियोजनाओं पर जोर
बैठक में अरण्य भवन-जगतपुरा एलिवेटेड रोड, अजमेर रोड अंडरपास और अन्य प्रस्तावित आरओबी प्रोजेक्ट्स की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही द्रव्यवती एलिवेटेड कॉरिडोर की योजना को भी आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने यातायात पुलिस को आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं और एफएम माध्यम का उपयोग करने को कहा। साथ ही चालान के साथ ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।
तकनीक आधारित निगरानी पर जोर
बैठक में ट्रैफिक पुलिस द्वारा आईटीएमएस, ड्रोन तकनीक और मोबाइल एप के जरिए ट्रैफिक नियंत्रण की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री ने इन तकनीकों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, जयपुर जिला कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


