प्रभात बेला में योगाभ्यास के माध्यम से लोगों को किया जा रहा प्रशिक्षित
तिजारा, ।
आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी को लेकर पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में विशेष योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सरस्वती पब्लिक स्कूल, श्रीकृष्ण कॉलोनी, तिजारा में 12 जून से 14 जून तक प्रतिदिन प्रातः 5:00 से 7:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें सलोना यादव, धर्मवीर यादव, अशोक एवं चरत ने भाग लिया। मुख्य योग शिक्षक एवं जिला प्रभारी (महिला), पतंजलि योग समिति, नीलम यादव ने बताया कि योग दिवस के सफल आयोजन हेतु लोगों को नियमित अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि वे 21 जून को बेहतर प्रदर्शन कर सकें और योग के लाभों से खुद भी जुड़ सकें।
योग शिक्षक अजयपाल द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान विधियों का अभ्यास कराया जा रहा है। शिविर में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी उत्साहजनक रही।
योग शिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक जागरूकता में सकारात्मक परिवर्तन आता है। शिविर के माध्यम से लोगों को योग दिवस के मूल संदेश “योगा फॉर वेलनेस” से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


