प्रेरणा के संदेश के साथ ज्योतिबा फूले जयंती पर नेताओं ने समाज सुधार के मूल्यों को बताया प्रासंगिक
अलवर। महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर अलवर शहर में श्रद्धा और सम्मान का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर के ज्योतिबा फूले सर्किल पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर फूले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आमजन की भी भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में टीकाराम जूली विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महात्मा फूले ने समाज में समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय की जो अलख जगाई, वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।
टीकाराम जूली ने कहा कि फूले का जीवन हमें यह सिखाता है कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है और उनके विचारों को अपनाकर ही एक समतामूलक समाज की स्थापना की जा सकती है।
कार्यक्रम में माधव भारद्वाज भी शामिल हुए। उन्होंने भी फूले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा व्यक्त की और कहा कि महात्मा फूले द्वारा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्य आज भी प्रेरणास्रोत हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान ज्योतिबा फूले सर्किल पर श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में महात्मा फूले के विचारों को अपनाने और समाज में समानता स्थापित करने का संकल्प लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


