More
    HomeखेलMumbai Indians के साथ 15 साल पूरे, हार्दिक पांड्या ने रोहित शर्मा...

    Mumbai Indians के साथ 15 साल पूरे, हार्दिक पांड्या ने रोहित शर्मा को दी खास बधाई

    मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को फ्रेंचाइजी के साथ 15 साल पूरे करने पर बधाई दी है। हार्दिक ने ड्रेसिंग रूम में दिल को छू लेने वाली एक स्पीच दी। अपनी स्पीच में हार्दिक ने रोहित को मुंबई के खिलाड़ियों का सबसे बड़ा प्रेरणास्त्रोत बताया। मुंबई इंडियंस के साथ 15 साल पूरे होने पर रोहित ने टीम के साथियों, सहायक स्टाफ और फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट का दिल से शुक्रिया अदा किया और फ्रेंचाइजी द्वारा पोस्ट किए गए एक और वीडियो में बतौर कप्तान अपनी यात्रा को आकार देने का श्रेय टीम के माहौल को दिया।

    हार्दिक ने रोहित को सराहा 

    हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए एक वीडियो में कहा, रोहित 15 साल पूरे करने पर बधाई। इतने वर्षों तक इस फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करने के लिए आपका धन्यवाद। मैंने डेब्यू किया, बुमराह ने किया, हममें से कई लोगों ने आपके नेतृत्व में डेब्यू किया है। इतने सारे लोगों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद जो इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलते आए हैं और उसी समय भारत के लिए भी खेले। आप एक इंसान के तौर पर भी कमाल और शानदार रहे हैं। आप बहुत फ्रेंडली और खुले विचारों वाले रहे हैं। आपने इतने वर्षों तक जिस तरह से टीम का आगे बढ़कर नेतृत्व किया है उसके लिए बहुत धन्यवाद।

    रोहित ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को लीग की सबसे कामयाब फ्रेंचाइजी बनाया। इस पर उन्होंने कहा कि ये कामयाबियां किसी एक की काबिलियत के बजाय टीम की मेहनत का नतीजा थीं। फ्रेंचाइजी और उसके हितधारकों के समर्थन ने एक कप्तान और एक व्यक्ति के तौर पर मुझे आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। रोहित ने फ्रेंचाइजी के मालिक का भी शुक्रिया अदा किया और अपने करियर के अहम दौर में उनका साथ देने में उनकी भूमिका को स्वीकारा।

    रोहित शर्मा का आईपीएल करियर 

    2008 में रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर का आगाज डेक्कन चार्जर्स के साथ किया था। वह इस टीम के साथ 2010 तक रहे। आईपीएल 2011 में वह मुंबई इंडियंस से जुड़े और अब तक इस टीम का हिस्सा बने हुए हैं। मुंबई इंडियंस ने रोहित को 2013 में कप्तान बनाया था। वह 2023 तक इस टीम के कप्तान रहे। 10 साल की कप्तानी में रोहित ने पांच बार (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) मुंबई को आईपीएल का चैंपियन बनाया। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के अलावा पांच आईपीएल खिताब जीतने वाली मुंबई सिर्फ दूसरी टीम है। रोहित मुंबई इंडियंस के सफलतम बल्लेबाज हैं। 239 मैचों की 235 पारियों में दो शतक और 41 अर्धशतक लगाते हुए वह 6267 रन बना चुके हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here