अन्य आरोपियों पर जांच जारी, सुबोध अग्रवाल को दो दिन का पुलिस रिमांड
जयपुर। राजस्थान में जल जीवन मिशन से जुड़े बहुचर्चित भ्रष्टाचार प्रकरण में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट पेश की है।
प्रकरण संख्या 245/2024 में विस्तृत जांच के बाद एसीबी ने जिन आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है, उनमें दिनेश गोयल, के.डी. गुप्ता, सुभांशु दीक्षित, सुशील शर्मा, निलेश (निरिल) कुमार, विशाल सक्सेना, अरुण श्रीवास्तव, डी.के. गौड़, महेंद्र प्रकाश सोनी और मुकेश पाठक शामिल हैं। ये सभी आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच जारी
एसीबी ने बताया कि मामले में अन्य संदिग्धों के खिलाफ अनुसंधान अभी जारी है। अभियोजन स्वीकृति प्राप्त करने के लिए संबंधित विभागों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
फरार आरोपियों की तलाश तेज
प्रकरण में जितेंद्र शर्मा, मुकेश गोयल और संजीव गुप्ता के खिलाफ स्थायी वारंट जारी हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए एसीबी की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही उनकी संपत्तियों का ब्यौरा जुटाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है और कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
सुबोध अग्रवाल को मिला पुलिस रिमांड
मामले में सुबोध अग्रवाल को 13 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इस दौरान जांच अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर शर्मा की दलीलें सुनी गईं।
हाईकोर्ट में 21 अप्रैल को सुनवाई
इस मामले से संबंधित 11 याचिकाओं पर राजस्थान उच्च न्यायालय में अगली सुनवाई 21 अप्रैल 2026 को निर्धारित की गई है। एसीबी की इस कार्रवाई से प्रदेश में सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता को लेकर सख्ती का संदेश गया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

