More
    Homeखेलकहा था—पहली गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को करूंगा आउट

    कहा था—पहली गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को करूंगा आउट

    हैदराबाद में सोमवार को आईपीएल 2026 का 21वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच खेला गया। एसआरएच ने आरआर को 57 रन के बड़े अंतर से हराकर सीजन की अपनी दूसरी जीत दर्ज की और अंकतालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई। एसआरएच की जीत के हीरो रहे अपना पहला मैच खेल रहे प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन। 

    वैभव को पहली गेंद पर किया आउट

    दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हिंगे ने पारी की पहली गेंद पर ही आईपीएल 2026 में बड़े-बड़े गेंदबाजों के लिए चुनौती बने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आउट कर दिया। हिंगे ने इसके बाद ध्रुव जुरेल, लुहान-डी-प्रिटोरियस और कप्तान रियान पराग का विकेट लिया। उनका स्पेल चार ओवर में 34 रन देकर चार विकेट रहा। इस स्पेल ने आरआर के शीर्ष क्रम को ऐसा झकझोरा की टीम कभी 217 के लक्ष्य के पास जाती भी नहीं दिखी। झिंगे को उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

    'पहले मैच में लूंगा चार-पांच विकेट'

    मैच के बाद उन्होंने कहा, 'मैंने पिछले साल कहीं लिखा था कि जब भी मैं अपना पहला मैच खेलूंगा, तो चार या पांच विकेट जरूर लूंगा। मैं पावरप्ले में जितना हो सके उतना हावी होना चाहता था। मुझे अपनी ऊर्जा और क्षमता पर विश्वास है। मैंने 13 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। मुझे तब यह भी नहीं पता था कि लेदर-बॉल क्रिकेट क्या होता है, जब मैंने उस समय अपने पापा से कहा कि मैं एक क्लब जॉइन करना चाहता हूं। उस समय कई बार उन्होंने मेरी कम उम्र का हवाला देते हुए मना कर दिया था।'

    'परिवार ने मेरे लिए बहुत त्याग किए'

    प्रफुल्ल हिंगे ने कहा, 'किसी तरह मेरी क्रिकेट शुरू हुई। उसके बाद, मैं बस खेलता रहा। यहां खड़े होकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैं प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने परिवार को समर्पित करना चाहता हूं। उन्होंने मेरे लिए बहुत त्याग किए हैं।'

    वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या बोले प्रफुल्ल

    वैभव सूर्यवंशी की विकेट पर उन्होंने कहा, 'वह सबसे अच्छा विकेट था, क्योंकि वह फॉर्म में है। मैंने कुछ लोगों को पहले ही बता दिया था कि मैं उसे पहली ही गेंद पर आउट कर दूंगा, या तो बाउंसर से या किसी और तरह से। मुझे बस पहली ही गेंद पर उसका विकेट चाहिए था। यही योजना थी।' तेज गेंदबाजी कोच वरुण एरॉन के बारे में प्रफुल ने कहा, 'वरुण भाई ने मेरी बहुत मदद की। मैं उन सभी का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मेरा साथ दिया। इंजरी से पूरी तरह उबर चुका हूं।'

    हिंगे का करियर

    प्रफुल्ल हिंगे ने अक्तूबर 2024 में विदर्भ क्रिकेट टीम के लिए अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था। इसके बाद वह रणजी ट्रॉफी में टीम के नियमित खिलाड़ी बन गए। पिछले सीजन में उन्होंने 11 पारियों में 16 विकेट लिए, जिसमें उनका औसत 26.37 रहा, जो एक युवा तेज गेंदबाज के लिए काफी प्रभावशाली माना जाता है।

    असली पहचान इस लीग से

    टी20 क्रिकेट की बात करें तो हिंगे ने दिसंबर 2025 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आंध्र क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना डेब्यू किया, जहां उन्होंने 1/23 का प्रदर्शन किया। हालांकि, उनके टी20 करियर को असली पहचान विदर्भ प्रो टी20 लीग से मिली, जहां उन्होंने नेको मास्टर ब्लास्टर्स के लिए खेलते हुए टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। हिंगे की खासियत उनकी तेज रफ्तार और लंबा कद है, जिससे वह गेंद को उछाल और गति दोनों दिला पाते हैं। उन्होंने करीब 13 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था और जल्दी ही अपनी गेंदबाजी से पहचान बना ली।

    कमिंस और उमेश यादव प्रेरणा

    प्रेरणा की बात करें तो हिंगे ने खुलकर कहा है कि पैट कमिंस उनके आदर्श हैं और वह उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का सपना देखते हैं। इसके अलावा, उमेश यादव, जो विदर्भ के सीनियर खिलाड़ी हैं, उनसे भी उन्हें काफी प्रेरणा मिली है। खास बात यह है कि टी20 डेब्यू में उन्होंने उमेश यादव के साथ नई गेंद संभाली थी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here