लैब टेक्नीशियन दिवस पर अलवर में जकारिया जेनसन को श्रद्धांजलि, गुणवत्ता सुधार पर चर्चा
अलवर। अखिल राजस्थान लेबोरेटरी टेक्नीशियन कर्मचारी संघ, अलवर द्वारा बुधवार को जिला मुख्यालय पर ‘लैब टेक्नीशियन दिवस’ गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर सामान्य चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर चिकित्सा क्षेत्र की ‘अदृश्य शक्ति’ कहे जाने वाले लैब टेक्नीशियनों के योगदान को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पीएमओ अलवर डॉ. प्रवीण शर्मा एवं डिप्टी कंट्रोलर डॉ. विजय सिंह द्वारा कंपाउंड माइक्रोस्कोप के जन्मदाता जकारिया जेनसन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। उपस्थित सभी लैब टेक्नीशियनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में डॉ. मोनिका जैन (पैथोलॉजिस्ट) एवं डॉ. नीरज जैन (माइक्रोबायोलॉजिस्ट) विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वास्थ्य सेवाओं में लैब टेक्नीशियनों की भूमिका को ‘मजबूत रीढ़’ बताते हुए उनके समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना की।
पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिलेभर के लैब टेक्नीशियन शामिल हुए। इस दौरान लैब जांच की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने, नई तकनीकों को अपनाने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी टेक्नीशियनों ने सटीक और उत्कृष्ट जांच रिपोर्ट देने का संकल्प दोहराया।
संघ के जिलाध्यक्ष मयंक शर्मा ने कहा कि “डॉक्टर का निदान हमारी रिपोर्ट से शुरू होता है और मरीज की मुस्कान हमारी सटीकता पर निर्भर करती है। मानवता की सेवा ही हमारी असली पहचान है।” उन्होंने सभी साथियों से अपने कार्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सेंट्रल लैब, जनाना लैब, ब्लड बैंक, माइक्रोबायोलॉजी एवं टीबी हॉस्पिटल के समस्त लैब टेक्नीशियनों ने भाग लिया। अंत में संगठन की एकजुटता के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


