लोकसभा में राहुल गांधी की टिप्पणी पर भाजपा का कड़ा विरोध, सदन में हंगामा
नई दिल्ली। लोकसभा में शुक्रवार को उस समय माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए उन्हें ‘बालाकोट, नोटबंदी और ऑपरेशन सिंदूर का जादूगर’ करार दिया। इस टिप्पणी के बाद सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया और भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया।
दरअसल, राहुल गांधी महिला आरक्षण कानून में प्रस्तावित संशोधनों और परिसीमन प्रक्रिया पर चल रही चर्चा में भाग ले रहे थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरकार के ये कदम उसकी बेचैनी को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तापक्ष को पहले से अंदेशा था कि यह विधेयक आसानी से पारित नहीं होगा, क्योंकि विपक्ष की अपनी आपत्तियां हैं।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि इन फैसलों के पीछे दो मुख्य उद्देश्य हैं—पहला, चुनावी क्षेत्रों का पुनर्गठन अपने पक्ष में करना और दूसरा, प्रधानमंत्री की छवि को महिला हितैषी नेता के रूप में प्रस्तुत करना। इसी दौरान उन्होंने हमलावर लहजे में कहा कि ‘जादूगर अब बेनकाब हो चुका है’ और बालाकोट एयर स्ट्राइक, नोटबंदी तथा ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
इस बयान पर भाजपा ने तत्काल पलटवार किया। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने इसे प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र भाषा करार दिया। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों द्वारा चुने गए प्रधानमंत्री के लिए इस प्रकार की टिप्पणी करना अनुचित है और नेता प्रतिपक्ष को ऐसी भाषा शोभा नहीं देती।
रिजिजू ने यह भी कहा कि इस तरह के बयान न केवल प्रधानमंत्री का अपमान हैं, बल्कि सैन्य अभियानों का उल्लेख कर सुरक्षा बलों का भी अनादर किया गया है। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित रही।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


