जनसुनवाई में एक्शन मोड: स्वास्थ्य केंद्रों की ‘जांच’ के लिए कलेक्टर को पत्र, अनियमितता पर सख्त चेतावनी
तिजारा। विधायक तिजारा महंत बालकनाथ योगी ने क्षेत्र में जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। यह जनसुनवाई तिजारा स्थित बाबा मस्तनाथ जनसेवनम् भवन एवं टपूकड़ा बाबा नृसिंह दास आश्रम में आयोजित हुई।
जनसुनवाई के दौरान विधायक ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए पानी, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विशेष चर्चा की, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
इसी बीच उन्होंने तिजारा (बाघोर) में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का निरीक्षण किया, जहां निर्माण सामग्री व कार्य में खामियां सामने आने पर उन्होंने गंभीर चिंता जताई। इस पर उन्होंने जिला कलेक्टर खैरथल-तिजारा को पत्र लिखकर विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं हाल ही में बने स्वास्थ्य केंद्रों की जांच के लिए जिला स्तरीय कमेटी गठित करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री से भी हस्तक्षेप का अनुरोध किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में तिजारा क्षेत्र में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं होगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


