प्रदेशभर में ‘गो सम्मान’ अभियान को लेकर तैयारियां तेज, सख्त कानून की मांग को मिलेगा बल
अलवर। राजस्थान में गौ संरक्षण और गो सम्मान को लेकर एक व्यापक जनअभियान की शुरुआत 27 अप्रैल से होने जा रही है। इस अभियान के तहत प्रदेश की प्रत्येक तहसील और जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां प्रधानमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ माता के संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने की मांग को मजबूती प्रदान करना है।
अभियान के प्रभारी बहादुर सिंह गुर्जर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही गो तस्करी और गायों के अवैध वध की घटनाओं को लेकर समाज में व्यापक आक्रोश है। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का अहम हिस्सा है, ऐसे में उनके संरक्षण के लिए कड़े और प्रभावी कानून बनाए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरी तरह से “सर्व समाज” का अभियान है, जिसमें किसी भी राजनीतिक दल या नेता की भागीदारी नहीं रखी गई है। यह एक सामूहिक प्रयास है, जिसका उद्देश्य जनभावनाओं को एक मंच पर लाकर सरकार तक अपनी मांग पहुंचाना है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश की करीब 5410 तहसीलों में एक साथ इस अभियान का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक तहसील स्तर पर लोग एकत्रित होकर शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन सौंपेंगे, जिससे सरकार तक जनभावनाओं का स्पष्ट संदेश पहुंचे।
अलवर जिले में भी इस अभियान को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजकों के अनुसार यहां बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही यह दावा भी किया जा रहा है कि पूरे प्रदेश में इस अभियान में करोड़ों लोग भाग लेंगे, जिससे यह एक बड़ा जनआंदोलन बन सकता है।
प्रदेशभर में इस अभियान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और 27 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रम को लेकर सामाजिक संगठनों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


