जमीनी विवाद बना कारण, थानागाजी में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज
अलवर। जिले के थानागाजी क्षेत्र में नगर पालिका पार्षद कपिल मीणा पर जमीनी विवाद को लेकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में पार्षद को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपिल मीणा को गांव के ही एक युवक द्वारा जमीन दिखाने के बहाने बुलाया गया। आरोप है कि नारायणपुर मार्ग पर आरोपियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर हमला कर दिया। हमले के दौरान हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे उनके हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं।
घायल पार्षद कपिल मीणा ने बताया कि उनका आरोपियों से लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्हें योजनाबद्ध तरीके से बुलाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से थानागाजी थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस द्वारा किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी राजनीतिक प्रभाव वाले व्यक्ति हैं और घटना के बाद से फरार हैं। इसको लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


