महिला अधिकारिता विभाग की बैठक में योजनाओं की जानकारी, क्रियान्वयन को प्रभावी बनाने के निर्देश
किशनगढ़बास। पंचायत समिति सभागार में शुक्रवार को महिला अधिकारिता विभाग के निर्देशन में ब्लॉक स्तर की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में साथिनों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विभागीय योजनाओं की प्रगति और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर सुश्री नीरज शर्मा ने विभाग की प्रमुख फ्लैगशिप योजना “लाड़ो प्रोत्साहन योजना” के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत बालिका जन्म होने पर कुल 7 किश्तों में 1.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। योजना का लाभ लेने के लिए जनाधार कार्ड, ममता कार्ड, प्रसव संबंधित दस्तावेज, माता का बैंक खाता एवं आधार कार्ड आवश्यक हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि गर्भवती महिला प्रथम एएनसी (ANC) के समय ही आवश्यक दस्तावेज एएनएम को उपलब्ध करा देती है, तो बालिका जन्म के बाद योजना का लाभ आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। योजना के सफल क्रियान्वयन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं साथिनों की भूमिका को अहम बताया गया।
इसके अलावा बैठक में “कालीबाई भील उड़ान योजना” के बारे में भी जानकारी दी गई। इस योजना के तहत 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं एवं किशोरियों को उनके नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाते हैं।
बैठक के दौरान पर्यवेक्षक सुश्री निशा शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को SSO ID के माध्यम से RAJSIMS पोर्टल पर लाभार्थियों का पंजीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने यूजर मैपिंग, डिमांड भरने, सप्लाई रिसीव करने, रजिस्ट्रेशन एवं वितरण प्रक्रिया को RajSIMS के माध्यम से संचालित करने की जानकारी भी विस्तार से दी।
इस अवसर पर कुल 76 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं साथिनों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। बैठक का उद्देश्य विभागीय योजनाओं की जानकारी को जमीनी स्तर तक पहुंचाना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


