जयपुर। राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम राजस्थान स्टेट गैस द्वारा कोटा में बहुमंजिला अपार्टमेंट्स सहित आसपास के निवासियों को शिविर लगाकर पाइपलाइन से घरेलू गैस डीपीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक श्री विनय पाटनी ने बताया कि कोटावासियों को डीपीएनजी कनेक्शन डोरस्टेप पर उपलब्ध कराने के लिए शिविर कार्यक्रम जारी किया गया है। पहले चरण में एक से 8 मई तक सुभाष नगर प्रथम, विवेकानंद नगर, स्वामी विवेकानन्द नगर औैर राजीव गांधी नगर में इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
पिछले दिनों जयपुर में राज्य की सीजीडी संस्थाओं की बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम श्रीमती अपर्णा अरोरा ने राज्य की सीजीडी संस्थाओं को अवेयरनेस अभियान चलाकर क्षेत्रवासियों को पाईप लाईन से घरेलू गैस सुविधा डीपीएनजी से जोड़ने की आवश्यकता प्रतिपादित की।
प्रबंध निदेशक श्री पाटनी ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा पीएनजी नेटवर्क वाले क्षेत्रों में डीपीएनजी कनेक्शन जारी कर एलपीजी फ्री जोन घोषित करने के निर्देश दिए गए है। आरएसजीएल ने एक मई से 8 मई तक का डोर स्टेप शिविर कार्यक्रम जारी कर दिया है। शिविर के दौरान कोटावासियों को कनेक्शन लेने पर विशेष प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है। डीपीएनजी कनेक्शन के लिए कार्यक्रमानुसार शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक रहेगा। शिविर में अपार्टमेंट व आसपास की कालोनियों के नागरिक आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर डीपीएनजी कनेक्शन प्राप्त कर सकेंगे।
उपमहाप्रबंधक कोटा श्री सीपी चौधरी ने बताया कि आरएसजीएल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार एक मई को सुभाष नगर प्रथम के स्काईपार्क, 2 मई को विवेकानन्द नगर के दीपश्री सानंद, 3 मई को विवेकानन्द नगर के ही गोल्ड तामरा, 4 मई को स्वामी विवेकानन्द नगर के शुभ अटलांटिस, 5 मई को स्वामी विवेकानन्द नगर के ही दीपश्री सुयोग, 6 मई को राजीव गांधी नगर के स्काईलेन, 7 मई को राजीव गांधी नगर के त्रिपोलिश और 8 मई को राजीव गांधी नगर के ही फोर सीजन में शिविर लगाकर मौके पर ही डीपीएनजी कनेक्शन का रजिस्ट्रेशन व कनेक्शन जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अन्य कालोनियों का शिविर कार्यक्रम शीघ्र ही जारी किया जाएगा।


