जयपुर : विधायक-इंजीनियर विवाद की उच्चस्तरीय जांच की मांग, महंगाई और गैस सिलेंडर कीमतों पर भी साधा निशाना
जयपुर।राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य में “सरकार नहीं, बल्कि तमाशा चल रहा है” और हर तरफ अराजकता का माहौल है। जूली ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बढ़ते टकराव को चिंताजनक बताते हुए कहा कि संवैधानिक मर्यादाएं तार-तार हो रही हैं।
विधायक-इंजीनियर विवाद पर उठाए सवाल
जूली ने भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और इंजीनियरों के बीच हुए मारपीट प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि घटनाक्रम को लेकर विरोधाभासी बातें सामने आ रही हैं। एक दिन इंजीनियरों पर विधायक को पीटने का आरोप लगता है, तो दूसरे दिन इंजीनियर विधायक पर मारपीट के आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि “दूध का दूध और पानी का पानी” होना चाहिए, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो।
मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह पद पर रहते हुए भी “एब्सेंट” नजर आ रहे हैं। जूली ने आरोप लगाया कि प्रदेश में प्रशासन पर नियंत्रण खत्म हो चुका है और आम जनता खुद को असहाय महसूस कर रही है।
महंगाई और गैस सिलेंडर पर केंद्र सरकार पर हमला
जूली ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कीमतें ₹3,099 तक पहुंच जाना छोटे कारोबारियों और गरीब वर्ग के लिए भारी बोझ है।
उन्होंने राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि “महंगाई की गर्मी” वाला अनुमान सही साबित हुआ है और चुनाव खत्म होते ही जनता पर आर्थिक बोझ डाल दिया गया।
गरीब और छोटे व्यवसायियों पर असर
जूली ने कहा कि बढ़ती महंगाई से ठेला-रेहड़ी चलाने वाले, छोटे व्यापारी और मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी महंगी गैस के साथ आम आदमी अपने परिवार का गुजारा कैसे करेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां गरीब विरोधी हैं और इससे आमजन की कमर टूट रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


