अलवर : कंपनी बाग में सुबह 6 बजे से होगा आयोजन, लाफ्टर योग और प्राणायाम के साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
अलवर। शहर में आगामी 3 मई (रविवार) को ‘वर्ल्ड लाफ्टर डे’ उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। आर.डी.एन.सी. मित्तल फाउंडेशन के तत्वावधान में अलवर लाफ्टर क्लब, कम्पनी बाग विकास समिति, भारतीय योग संस्थान, पतंजलि परिवार, सर्व हितकारी योग संस्थान, लायंस क्लब अलवर मत्स्य, भारत विकास परिषद, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी और स्काउट एंड गाइड फेलोशिप अलवर सहित कई संस्थाओं के संयुक्त सहयोग से यह आयोजन कम्पनी बाग में प्रातः 6 बजे से शुरू होगा।
कार्यक्रम में लाफ्टर योग के साथ-साथ विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को दैनिक योग दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
मित्तल फाउंडेशन के मुख्य ट्रस्टी एवं लाफ्टर क्लब के संस्थापक डॉ. एस.सी. मित्तल ने बताया कि हंसी के अध्ययन को ‘जेलोटोलॉजी’ कहा जाता है और इस वर्ष का थीम “हंसी के माध्यम से विश्व शांति” रखा गया है। उन्होंने कहा कि लाफ्टर योग शरीर में एंडोर्फिन जैसे प्राकृतिक हार्मोन का स्राव बढ़ाता है, जो तनाव कम करने, हृदय स्वास्थ्य सुधारने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होता है।
उन्होंने बताया कि ‘वर्ल्ड लाफ्टर डे’ की शुरुआत डॉ. मदन कटारिया ने 10 मई 1998 को मुंबई में की थी। यह दिन सामाजिक संबंधों को मजबूत करने और सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का संदेश देता है।
कार्यक्रम संयोजक गिरीश गुप्ता ने बताया कि आयोजन के दौरान लाफ्टर प्रश्नोत्तरी भी रखी जाएगी, जिसमें सही जवाब देने वालों को तुरंत पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को अंकुरित अनाज, सूखे मेवे की चाट और नींबू शिकंजी वितरित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अलवर लाफ्टर क्लब के 11 वर्ष पूर्ण होने के साथ इस बार आयोजन विशेष रूप से भव्य होगा। इस अवसर पर प्रथम प्रशिक्षक डॉ. रश्मि जैन और डॉ. सुनील जैन जयपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभागियों से संवाद करेंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


