अलवर में नालों और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, नगर निगम को दिए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
अलवर। स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आया। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने शुक्रवार को नगर निगम टीम के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों का सघन दौरा कर सफाई व्यवस्था, बड़े नालों और बैकलेन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने शहर के बड़े नालों की नियमित सफाई और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालों की व्यवस्थित सफाई बेहद जरूरी है, ताकि जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
उन्होंने कचरा संग्रहण व्यवस्था का भी जायजा लिया और निर्देश दिए कि शहर के सभी वार्डों में निर्धारित समय पर ऑटो टिपर पहुंचकर नियमित रूप से कचरा संग्रहण करें। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि आमजन गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग कर निर्धारित व्यवस्था के तहत ही डालें।
जिला कलक्टर ने खाली भूखंडों में फैले कचरे को लेकर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि भूखंड मालिकों को समयबद्ध तरीके से सफाई कराने के लिए पाबंद किया जाए। यदि सफाई नहीं कराई जाती है तो नगर निगम स्वयं कचरा उठवाकर उसका खर्च संबंधित भूखंड मालिक से वसूले तथा नियमानुसार कार्रवाई करे।
अलवर नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका को निर्देश दिए गए कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तुरंत दूर किया जाए तथा नियमित निगरानी के लिए विशेष टीम गठित की जाए।
जिला कलक्टर ने व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में सहयोग नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों और नागरिकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाए। साथ ही प्लास्टिक उपयोग के खिलाफ अभियान चलाकर जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अलवर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नागरिक प्रशासन का सहयोग करें तथा कचरा पृथक्करण और सफाई व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


