तारबंदी और कृषि उपकरण योजना से किसान को मिली बड़ी राहत, खेती कार्य हुआ आसान
अलवर। राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत गांव-गांव पहुंच रहे एलईडी युक्त रथ ग्रामीणों को कृषि और पशुपालन विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। इसी अभियान के दौरान कठूमर क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोरोली में कृषक बालीराम सैनी ने सरकारी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए।

कृषक बालीराम सैनी ने बताया कि कृषि विभाग की तारबंदी योजना के तहत उन्हें खेत की 200 मीटर तारबंदी के लिए 24 हजार रुपये का अनुदान मिला। इससे खेत को आवारा पशुओं और वन्य जीवों से सुरक्षा मिली है तथा फसल को नुकसान से बचाया जा सका है।
उन्होंने बताया कि कृषि उपकरण सहायता योजना के तहत भी उन्हें विभिन्न उपकरणों पर अनुदान मिला। रोटावेटर पर 48 हजार रुपये, सीडड्रिल मशीन पर 15 हजार रुपये, स्प्रिंकलर पर 9 हजार रुपये तथा कुट्टी मशीन पर 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। इन उपकरणों के उपयोग से खेती का कार्य पहले की तुलना में अधिक आसान और प्रभावी हो गया है।
बालीराम सैनी के अनुसार आधुनिक कृषि उपकरण मिलने से समय और श्रम दोनों की बचत हुई है। साथ ही फसल उत्पादन में वृद्धि होने से आय में भी सुधार आया है। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रही है, जिससे अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
कृषक ने योजनाओं से मिले लाभ के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

