पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने बचने के लिए मंदिर से लगाई छलांग
अलवर। जिले के टहला थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के दौरान उस समय फिल्मी घटनाक्रम देखने को मिला, जब पुलिस को देखकर दो आरोपी मंदिर की छत से कूद गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों आरोपियों का फिलहाल जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, टहला थाना क्षेत्र में साइबर अपराध से जुड़े आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम बीघोता गांव में दबिश देने पहुंची थी। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से भागने लगे।
इसी दौरान नंगला बंजीर का बास, बगड़ तिराहा निवासी जाहुल पुत्र हनीफ मेव और वीरपुर बीघोता निवासी हरि सिंह मीणा घबराकर पास स्थित एक मंदिर की छत पर चढ़ गए। बताया जा रहा है कि बचने के प्रयास में दोनों आरोपियों ने जल्दबाजी में मंदिर की छत से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को पहले राजगढ़ के चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
वर्तमान में दोनों आरोपियों का अलवर के जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और साइबर अपराध से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
टहला थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी, उसी दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


