भरतपुर के जुरहरा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण में प्लॉट जाने और मुआवजा नहीं मिलने से परेशान बुजुर्ग दंपती की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है
भरतपुर। जिले के डीग क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां सड़क चौड़ीकरण में प्लॉट चले जाने और मुआवजा नहीं मिलने से परेशान बुजुर्ग दंपती की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। घटना जुरहरा थाना क्षेत्र के बमनवाड़ी गांव की है। मामले के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जुरहरा थाना के एएसआई रमेश चंद ने बताया कि रविवार देर रात करीब 2 बजे रामप्रसाद (70) और उनकी पत्नी रामवती (67) ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन दोनों को तुरंत जुरहरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें भरतपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। दोनों एक ही कमरे में सो रहे थे, जबकि उनके बेटे अलग कमरे में थे। जहरीला पदार्थ खाने के बाद दोनों की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
मृतक के बेटे रोहताश ने बताया कि करीब तीन साल पहले उनके माता-पिता ने नौगांव रोड पर 36 लाख रुपए में एक प्लॉट खरीदा था। पिछले छह महीनों में उस प्लॉट की कीमत बढ़कर करीब डेढ़ करोड़ रुपए हो गई थी। परिवार का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण में प्लॉट चले जाने के बाद भी उन्हें मुआवजा नहीं मिला, जिससे दोनों मानसिक तनाव में रहने लगे थे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

