फायर सेफ्टी सप्ताह के तहत जनाना अस्पताल में मॉक ड्रिल, स्टाफ को सिखाए गए बचाव और सुरक्षा उपाय
अलवर। शहर के जनाना अस्पताल में शुक्रवार को अचानक आग लगने की सूचना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहनों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि बाद में यह पूरी घटना फायर सेफ्टी को लेकर आयोजित मॉक ड्रिल निकली।
इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य अस्पताल स्टाफ और आमजन को आपात स्थिति में सतर्क रहने और त्वरित बचाव कार्यों के लिए तैयार करना था।
अग्निशमन विभाग के अधिकारी अमित मीणा ने बताया कि 4 मई से 10 मई तक फायर सेफ्टी सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शहर के विभिन्न संस्थानों में मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं, ताकि आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों में बचाव कार्य तेजी और प्रभावी ढंग से किए जा सकें।
उन्होंने बताया कि जैसे ही जनाना अस्पताल से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई, फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर आग बुझाने के उपकरणों का उपयोग करते हुए आग पर नियंत्रण पाने का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल स्टाफ को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले प्राथमिक सुरक्षा उपायों और मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने दमकल कर्मियों की तत्परता और कार्यशैली को करीब से देखा। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की अभ्यास गतिविधियां भविष्य में किसी भी बड़े हादसे को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
फिलहाल मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न हुई और अस्पताल की स्थिति पूरी तरह सामान्य रही।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


