किशनगढ़ बास में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, बंगाल जीत पर बोले भूपेंद्र यादव
किशनगढ़ बास। पश्चिम बंगाल चुनाव प्रभारी के रूप में गंगोत्री से गंगासागर तक यात्रा पूरी कर शनिवार को पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सायं अपने लोकसभा क्षेत्र अलवर के भिवाड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा मोहनराम मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और क्षेत्र की खुशहाली एवं प्रगति की कामना की।
केंद्रीय मंत्री के भिवाड़ी आगमन पर जिलेभर से भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि स्वागत के लिए पहुंचे। भिवाड़ी स्थित सिंहद्वार को अलवर लोकसभा क्षेत्र का प्रवेश द्वार माना जाता है। इसी स्थान स्थित बाबा मोहनराम मंदिर से भूपेंद्र यादव ने अपने लोकसभा चुनाव अभियान का शंखनाद किया था और जीत हासिल कर लोकसभा पहुंचे थे। बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर सीधे भिवाड़ी पहुंचने को कार्यकर्ताओं ने विशेष महत्व बताया।
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद केंद्रीय मंत्री अपने समर्थकों के काफिले के साथ भिवाड़ी में आयोजित विभिन्न स्नेह मिलन कार्यक्रमों में पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत पर बधाई दी। इसके बाद वे अलवर के रामगढ़ में आयोजित श्याम महोत्सव में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
इस दौरान भिवाड़ी से रामगढ़ तक सड़क मार्ग पर टपूकड़ा, तिजारा और किशनगढ़ बास सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह केंद्रीय मंत्री का साफा और फूलमालाओं से स्वागत कर मिठाई खिलाई गई।
रात्रि करीब 9 बजे किशनगढ़ बास पहुंचे केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का तोप सर्किल पर भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व विधायक रामहेत यादव तथा मंडल अध्यक्ष मनोज मित्तल के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भूपेंद्र यादव ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल में 35 वर्षों तक कम्युनिस्ट और 15 वर्षों तक ममता बनर्जी की सरकार रही, जिससे जनता परेशान थी। लंबे संघर्ष के बाद पहली बार भाजपा सरकार बनी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के विश्वास के कारण यह जीत संभव हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में 322 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई, लेकिन इस बार सरकार और प्रशासन के संकल्प से किसी कार्यकर्ता की जान नहीं गई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बंगाल में गो तस्करी का नेटवर्क बांग्लादेश तक फैला हुआ है और बॉर्डर पर फेंसिंग नहीं होने दी गई। अब भाजपा सरकार का पहला काम बांग्लादेश सीमा को सील कर गो तस्करी और घुसपैठ रोकना होगा।
उन्होंने बताया कि जल्द ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अलवर दौरा प्रस्तावित है, जिसमें भिवाड़ी और अलवर में 300-300 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “कांग्रेस का हाथ मौका परस्त हाथ है।”
कार्यक्रम में पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, बन्ना राम मीणा, राजेश बटवाड़ा, परमानंद लखयाणी, सतीश सिंघल, दीपू यादव, विश्वास यादव, संजय सिंघल, जयसिंह सरदार, जगदीश यादव, तेजसिंह सैनी, संदीप वलेचा, बने सिंह नरूका, जनेश भूटानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


