भूपेंद्र यादव ने जनसुनवाई में पेयजल, सड़क और बिजली समस्याएं सुनीं, नागरिक अभिनंदन में जताया आभार
अलवर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को अलवर के हसन खां मेवात नगर स्थित कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने पेयजल, बिजली, सड़क, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परिवेदनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखीं। भूपेंद्र यादव ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के बाद संबंधित लोगों को सूचित भी किया जाए, ताकि आमजन के संतुष्टि स्तर में वृद्धि हो सके।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।
जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने का आह्वान

भूपेंद्र यादव ने जनसुनवाई के दौरान लोगों से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरतमंद लोगों को भी इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं की जानकारी पहुंचना आवश्यक है, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में हुआ स्वागत
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद अलवर आगमन पर विभिन्न संगठनों, संस्थाओं और सामाजिक समूहों द्वारा केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन को चुना है। उन्होंने कहा कि जनता का यह विश्वास देश के विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत है।
उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से अलवर के चहुंमुखी विकास को नई गति दी जाएगी और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


