अलवर में ग्राम रथ अभियान के दौरान लाभार्थी ने साझा किए अनुभव, बारिश की परेशानी से मिली राहत
अलवर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के दौरान रैणी तहसील की ग्राम पंचायत मोरोडकलां, छिलोडी में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। यहां योजना से लाभान्वित हुई श्रीमती गुड्डी देवी ने अपने जीवन में आए बदलावों को साझा करते हुए बताया कि पक्के मकान ने उनके परिवार को नई सुरक्षा और सम्मान दिया है।
ग्राम रथ अभियान के गांव में पहुंचने पर गुड्डी देवी ने बताया कि कई वर्षों तक उनका परिवार कच्चे छप्पर वाले घर में रहने को मजबूर था। सर्दी, गर्मी और बरसात के मौसम में परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से बारिश के दौरान घर में पानी टपकने के कारण पूरी रात जागकर बितानी पड़ती थी।
उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अपने स्तर पर पक्का मकान नहीं बना पा रहे थे। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर आई। योजना के तहत मकान स्वीकृत होने के बाद सरकार और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उनका पक्के घर का सपना साकार हो सका।
गुड्डी देवी ने कहा कि अब उनके परिवार को सुरक्षित छत मिल गई है और बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि अब पूरा परिवार बिना किसी डर और चिंता के चैन की नींद सो पाता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की इस योजना ने गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का काम किया है।
ग्राम रथ अभियान के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


