More
    Homeराजस्थानअलवरआरजीएचएस योजना को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन, चिकित्सा मंत्री का पुतला फूंका

    आरजीएचएस योजना को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन, चिकित्सा मंत्री का पुतला फूंका

    RGHS पर डाॅक्टर तैयब खान से बातचीत सुनने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें –  https://youtu.be/9gtbJW2qqA8?si=vU8_r0Zzp7nN0aV_

    आरजीएचएस की चिकित्सा सुविधाएं बंद होने और इंश्योरेंस मोड के विरोध में मिनी सचिवालय पर जुटे सैकड़ों कर्मचारी

    अलवर। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के नेतृत्व में सोमवार को मिनी सचिवालय अलवर पर सैकड़ों कर्मचारियों ने राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) की चिकित्सा सुविधाएं बंद होने और योजना को ‘इंश्योरेंस मोड’ में लागू करने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने चिकित्सा मंत्री का पुतला भी फूंका और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

    महासंघ के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार मीणा ने बताया कि प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए वरदान मानी जाने वाली आरजीएचएस योजना के तहत 25 मार्च से निजी अस्पतालों में दवाइयां मिलना बंद हो गई थीं, जबकि 14 अप्रैल से चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह ठप हो चुकी हैं।

    उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाएं बंद होने से गंभीर बीमारियों से पीड़ित हजारों कर्मचारी और पेंशनभोगी इलाज के लिए भटक रहे हैं। मजबूरी में उन्हें अपनी जेब से भारी राशि खर्च करनी पड़ रही है। महासंघ ने इसे सरकार की प्रशासनिक विफलता बताया।

    इंश्योरेंस मोड का किया विरोध

    महासंघ ने आरोप लगाया कि विभिन्न समाचार माध्यमों से यह जानकारी सामने आ रही है कि राज्य सरकार आरजीएचएस योजना को इंश्योरेंस मोड पर ले जाने की तैयारी कर रही है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी स्थिति में इस व्यवस्था को स्वीकार नहीं करेंगे।

    महासंघ पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्र सरकार की केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS) और पूर्व सैनिकों के लिए संचालित भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं, जबकि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन में विफल साबित हुई है।

    उग्र आंदोलन की चेतावनी

    महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने आरजीएचएस योजना को उसके मूल स्वरूप में बहाल नहीं किया तो प्रदेशभर के करीब आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

    प्रदर्शन में केसरी सिंह गुर्जर, मुकेश ईटोली, मुकेश चौधरी, धर्म सिंह यादव, मनोज यादव, प्रवीण शर्मा, धारा सिंह चौधरी, दिनेश यादव, नरेंद्र शर्मा, पुष्पेंद्र मीणा, हंसराज सहित महासंघ के विभिन्न घटक संगठनों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here