More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर रेलवे स्टेशन पर निगम का बुलडोजर एक्शन, अतिक्रमण हटते ही मची...

    अलवर रेलवे स्टेशन पर निगम का बुलडोजर एक्शन, अतिक्रमण हटते ही मची अफरा-तफरी

    रेलवे स्टेशन क्षेत्र में निगम की जेसीबी कार्रवाई, फुटपाथ और सड़क पर फैले अवैध कब्जे हटाए गए

    अलवर। शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बुधवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की। निगम की टीम जेसीबी मशीनों और पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची, जहां सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।

    कार्रवाई के दौरान स्थानीय दुकानदारों द्वारा लगाए गए थड़े, अस्थायी ढांचे और दुकानों के बाहर तक फैला सामान जेसीबी की मदद से हटाया गया। नगर निगम की टीम जैसे ही रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के बाजार क्षेत्र में पहुंची, वहां मौजूद दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने कार्रवाई से बचने के लिए जल्दबाजी में अपना सामान खुद हटाना शुरू कर दिया।

    नगर निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह साफ कराया। अभियान के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की विरोध या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

    नगर निगम अधिकारी निशा लखानी ने बताया कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। आमजन और यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

    उन्होंने बताया कि निगम द्वारा पहले भी संबंधित दुकानदारों और अतिक्रमण करने वालों को कई बार चेतावनी दी गई थी। नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अवैध कब्जे नहीं हटाए गए।

    निशा लखानी ने कहा कि रेलवे स्टेशन शहर का सबसे व्यस्त इलाका है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों की आवाजाही रहती है। अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो रही थीं और हर समय जाम की स्थिति बनी रहती थी। इसी को देखते हुए निगम को अभियान चलाना पड़ा।

    अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर चालान कार्रवाई के साथ सख्त कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे।

    कार्रवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई को जरूरी बताते हुए नगर निगम के अभियान का समर्थन किया।

    नगर निगम ने साफ किया है कि शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here